कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय राजमार्ग-152 के नजदीक बिलोचपुरा के निकट गेहूं के खेत से बरामद नितिन के कंकाल का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम से नितिन की मौत की वजह उजागर नहीं हो सकी। अब उसकी मौत की वजह जानने के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार करना होगा।
बता दें शुक्रवार को बिलोचपुरा गांव के खेतों में मानव कंकाल बरामद हुआ था। मौके से पुलिस को मिली डायरी से उसकी पहचान नितिन शर्मा निवासी शाहाबाद के रूप में हुई थी। परिजनों के अनुसार नितिन मानसिक परेशानी की हालत में घर से अक्सर गायब हो जाता था। वह होली से पहले भी गायब हो गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। थाना शहर प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त उसके परिजनों ने कर ली थी। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके हवाले कर दिया गया है। बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज की गई है।
दो से चार सप्ताह पहले हुई मौत
फॉरेंसिंक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि इस व्यक्ति की दो से चार सप्ताह पहले हुई थी। हालांकि मौत के कारण उजागर नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम के दौरान कंकाल पर कहीं चोट के निशान भी नहीं थे। फिलहाल उन्होंने डीएनए जांच के लिए कंकाल के चार दांत सुरक्षित रखे हैं।