कुरुक्षेत्र। पिहोवा के सरस्वती चौक के पास मेडिकल स्टोर को निशाना बनाकर रिवाल्वर के बल पर लूटपाट का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बाइक सवार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक सफेद रंग की बाइक पर आए दो युवक भागते दिख रहे हैं।
बता दें बुधवार देर रात सरस्वती चौक के पास मेडिकल स्टोर पर सफेद रंग की अपाचे बाइक पर दो युवक एक्ने फेस क्रीम खरीदने के बहाने से आए थे। मेडिकल स्टोर संचालक नवनीत मित्तल उनको देने के लिए क्रीम लेकर आया तो एक युवक रिवाल्वर निकालकर दुकान के छोटे गेट पर उसका रास्ता रोक लिया था। दोनों आरोपियों ने अपना चेहरा ढका हुआ था। तभी सामने खड़े युवक ने भी रिवाल्वर दिखाते हुए सारा कैश उसके हवाले करने की धमकी दी। खुद को फंसा देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों को एकत्रित होते देख बदमाश अपनी बाइक से फरार हो गए थे। संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।