सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से धोखाधड़ी करके 13 लाख 70 हजार रुपये लोन लेने का मामला सामने आया है। पिहोवा शहर थाना पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक को सौंपी शिकायत में सेंट्रल बैंक आफ इंडिया (पिहोवा) के प्रबंधक कमल कुमार ने बताया कि पिहोवा वासी गुलाब सिंह और जोगा सिंह ने वर्ष 2017 में बैंक से 13 लाख 70 हजार रुपये लोन लिये थे। बदले में एक जमीन के दस्तावेज और कागजात जमा किये थे। 27 जनवरी 2020 को आरोपी गुलाब सिंह ने बैंक में 1,370 रुपये जमा कराए, लेकिन आरोपी ने इस रसीद में जालसाजी करके बैंक अधिकारियों के खिलाफ 13 लाख 70 हजार रुपये जमा कराने की झूठी शिकायत दायर कर दी। इसके बाद गिरवी रखी गई भूमि की रजिस्ट्री खोने का हवाला देकर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई। बैंक प्रबंधक ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई व बैंक के पैसों की रिकवरी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिहोवा शहर थाना पुलिस में धोखाधड़ी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।