इस्माईलाबाद। कस्बे में अपहरण, लूटपाट, मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो युवतियों सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंबाला न्यू कैलाश नगर की रहने वाले पीड़ित हेमंत कुमार ने पुलिस को बताया कि 30 जुलाई को एक अज्ञात युवती ने फोन कर कालका चौक से इस्माईलाबाद छोड़ने का अनुरोध किया। युवती से उनकी इंस्टाग्राम पर पहले चैटिंग हुई थी। हेमंत ने मानवता दिखाते हुए उसे और उसकी एक अन्य साथी को सैनी माजरा टोल तक पहुंचाया। वहां एक बोलेरो गाड़ी में चार व्यक्तियों ने हेमंत को जबरन अगवा कर लिया। दोनों युवतियां भी गाड़ी में सवार थी। आरोपियों ने पिहोवा-कैथल हाईवे पर एक गांव की ओर गाड़ी ले जाकर हेमंत के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल, चांदी का ब्रेसलेट, आधार कार्ड, 10 डॉलर का नोट, घड़ी और पर्स से 2500 रुपये लूट लिए।
इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक के यूपीआई से 57,250 रुपये और बैंक ऑफ बड़ौदा से आठ हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। आरोपियों ने इसके बाद हेमंत को नहर के पास छोड़ दिया और मौके से भाग गए। थाना प्रभारी इस्माईलाबाद निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जसवीर सिंह को सौंपी गई है। टोल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।