कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। पिहोवा-खरीड़वा रोड पर वीरवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पिहोवा से अपना काम निपटा घर जा रहे थे। उसी समय उनके आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार चला रहे खरींडवा निवासी गौरव कुमार उर्फ साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में खरींडवा निवासी 26 वर्षीय अंकित ने बताया कि वह और उनका दोस्त गौरव स्विफ्ट कार में पिहोवा आए हुए थे। कार को गौरव चला रहा था और वह साइड में बैठा हुआ था। देर रात 10:30 बजे के करीब वापस घर जाते समय जब वह जमींदारा ढाबा के पास पहुंचे तो कार के सामने चल रहे एक ट्रक ने एकदम से ट्रक की ब्रेक मारते हुए कट मार दिया। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा लगी। ट्रक चालक ट्रक सहित मौके पर रुक गया।
मौके पर एकत्रित हुए लोंगों और डायल 112 ने दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पिहोवा पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने साहिल को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया और अंकित के सिर में व अन्य जगह चोटें पाई गईं।
पुलिस ने अंकित की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंकित ने शिकायत में दावा किया है कि अगर आरोपी उनके सामने आ जाए तो वह उसे पहचान सकते हैं। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है। थाना इस्माईलाबाद के प्रभारी जगदीश ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द से जल्द काबू कर लिया जाएगा।