कुरुक्षेत्र। सीईटी परीक्षा के दाैरान अभ्यार्थियों की जांच करते पुलिस कर्मी।
कुरुक्षेत्र। जिले में बनाए गए 42 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से सीईटी हुआ। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों ने अधीनस्थों से परीक्षा के बारे में पल-पल की जानकारी हासिल किया।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि ग्रुप डी सीईटी के लिए रविवार को सुबह और सायं के सत्र में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। परीक्षा के आयोजन के लिए जिले भर में 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिला कुरुक्षेत्र में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर रविवार को सुबह के सत्र में 18432 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें से 11837 अभ्यर्थियों ने ही यह परीक्षा दी और 6595 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। सायं के सत्र में 18432 परीक्षार्थियों में से 11873 ने परीक्षा दी तथा 6559 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल 36,864 अभ्यर्थियों में से 23,710 ने परीक्षा दी और 13159 दोनों पालियों में गैरहाजिर रहे।
अंबाला मंडल की आयुक्त रेणु फुलिया ने जानकारी देते हुए कहा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल रहित संपन्न करवाने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों की ड्यूटी थी। इन सब पुख्ता प्रबंधों के बीच ग्रपु डी सीईटी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अंबाला मंडल आयुक्त रविवार को जिले भर में ग्रुप डी सीईटी की परीक्षा को लेकर बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के उपरांत बातचीत कर रही थी। अंबाला मंडल आयुक्त रेणु फुलिया और उपायुक्त शांतनु शर्मा ने ग्रुप डी सीईटी परीक्षा के लिए महाराणा प्रताप स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, आर्य स्कूल शाहबाद सहित अन्य स्कूलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी सेंटरों में अधिकारियों की हाजिरी को जांचा और नियमानुसार सेंटरों में व्यवस्था का निरीक्षण किया।