कुरुक्षेत्र। भाखड़ा नहर और बुटेड़ा हेड के पास पिछले चार दिनों से चल रहे सर्च अभियान के बावजूद अंबाला के दो युवकों सागर व गुरविंद्र और लापता दिव्या का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गोताखोरों, पुलिस और परिजनों की संयुक्त टीम ने सोमवार को भी नहर में ज्योतिसर तक सर्च अभियान चलाया। सोमवार को देर शाम अंधेरा हाेने तक कोई सफलता नहीं मिली और अभियान रोकना पड़ा। अब मंगलवार को दोबारा नहर में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
अंबाला के रहने वाले सागर और गुरविंद्र शुक्रवार को बुटेड़ा हेड पर पूल को रंग करने का काम कर रहे थे। इस दौरान सागर झाली टूटने से गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में गुरविंद्र भी बह गया। घटना के तुरंत बाद शुक्रवार को ही तलाश शुरू हुई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। रविवार को गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने नहर को खंगाला, पर दोनों युवकों का कोई पता नहीं चला।
दूसरी ओर अंबाला की मीना देवी और उनके बेटे का शव नहर से बरामद होने के बाद उनकी लापता बेटी दिव्या के डूबने की आशंका बढ़ गई है। मीना देवी का शव शुक्रवार को मिलने के बाद शनिवार को करनाल तक सर्च अभियान चला, जो रविवार को भी जारी रहा लेकिन दिव्या का कोई सुराग नहीं मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने नहर किनारे पहरा बढ़ा दिया है और परिजन भी लगातार मौके पर मौजूद हैं।