कुरुक्षेत्र। पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में विश्व ओजोन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पर्यावरण अध्ययन संस्थान से प्रोफेसर डॉ. संदीप गुप्ता मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने ओजोन संरक्षण, विज्ञान से वैश्विक कार्रवाई तक विषय पर विज्ञान व्याख्यान दिया। उन्होंने ओजोन परत को हानि पहुंचाने वाले तथा अक्षय करने वाले कारकों की चर्चा की और बताया कि हम सीएफसी युक्त पदार्थों का उपयोग बंद करके ओजोन परत का संरक्षण कर सकते हैं। प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने से हम ओजोन परत के स्वत: निर्माण को बढ़ावा दे सकते हैं।
इस दौरान केंद्र के शिक्षा अधिकारी जीतेंद्र कुमार दास ने बताया कि वैज्ञानिक अनुसंधान, इसके हानिकारक प्रभावों को समझना, समन्वित वैश्विक कदम उठाना ओजोन परत के सरंक्षण के लिए प्रभावी कदम हैं। केंद्र के शिक्षा अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि इस दिवस के उपलक्ष्य में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें जिले के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ओजोन संरक्षण और इसके हानिकारक प्रभाव विषय पर पोस्टर बनाए। इसके साथ ही ओपन हाउस विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा छठी से 10वीं तक के छात्रों ने ओजोन संरक्षण और विज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्तर दिया।
पोस्टर मेकिंग में वंशिका ने जीता प्रथम पुरस्कार
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में संजय गांधी ओम प्रकाश गर्ग मेमोरियल पब्लिक स्कूल सुजरा की वंशिका ने प्रथम पुरस्कार, भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दिशा ने द्वितीय, स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल, इस्माइलाबाद की प्रियांशी ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया और मेजर नितिन बाली गीता निकेतन विद्या मंदिर के सागर और स्नेहा, विज़डम वर्ल्ड स्कूल की खनक, संजय गांधी ओम प्रकाश गर्ग मेमोरियल पब्लिक स्कूल के तरुण ओर जन्नत ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता मे संजय गांधी ओम प्रकाश गर्ग मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सुरजा, कुरुक्षेत्र के समर, विरेन और परनीता, भारत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बाबैन, कुरुक्षेत्र के वंश, ईशांत, और कनिशा, विज़डम वर्ल्ड स्कूल, कुरुक्षेत्र के धैर्य और आदित्य, स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल, इस्माइलाबाद के गीतांशी, श्रेया और गुनमय और मेजर नितिन बाली गीता निकेतन विद्या मंदिर के युग को विजेता घोषित किया गया।