संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिछले दिनों प्रदेश भर के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ के चलते कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो के कई रूट बुरी तरह से प्रभावित रहे, लेकिन अब स्थिति सामान्य होने लगी तो कई रूटों पर बस सेवाएं बहाल हुई हैं। कुरुक्षेत्र से शिमला, मनाली, पिहोवा रूटों पर अब बस सेवाओं को बहाल कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल पाई है।
भारी बारिश और बाढ़ के चलते इन रूटों पर सेवाएं ठप होने से लोगों को काफी परेशानियों से जूझना पड़ रहा था। बस सेवाओं के बहाल होते ही लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि अभी भी दिल्ली और मथुरा जैसे रूटों पर चलने वाली बस सेवाएं प्रभावित हैं। कुरुक्षेत्र डिपो के उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि कुरुक्षेत्र डिपो से दिल्ली रूट पर चलने वाली बसें दिल्ली बाईपास तक ही जा पा रही हैं। इसके अलावा ठोल और इस्माईलाबाद रूट और शाहाबाद से वाया हरिपुर बडाम के रूट अभी भी प्रभावित हैं।
बाढ़ का कई रूटों पर पड़ा असर
पिछले दिनों बाढ़ से प्रभावित होने के कारण कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो की आमदनी दो लाख रुपये तक कम हो गई थी। कुरुक्षेत्र से शिमला, मनाली, शाहाबाद से साहा, शाहाबाद से लाडवा, शाहाबाद से बराड़ा, शाहाबाद से वाया हरिपुर बडाम कुरुक्षेत्र सहित कई रूट बुरी तरह प्रभावित हुए थे।