कुरुक्षेत्र। शहर में अवैध निर्माण और अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जिला योजनाकार विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से शेड्यूल जारी कर अलग-अलग क्षेत्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए गए हैं। पहली कार्रवाई छह मार्च यानि आज कुरुक्षेत्र में होगी, इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के उपमंडल अभियंता सुखविंद्र को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
उपायुक्त की ओर से जारी ओदशों में शाहाबाद में 10 मार्च को होने वाली कार्रवाई के लिए बागवानी विभाग के अधिकारी अंकुश कांबोज को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं 11 मार्च को पिहोवा में सहायक कार्यकारी अधिकारी अनुज कौशिक, 12 मार्च को कुरुक्षेत्र में सिंचाई विभाग के अधिकारी सतीश कुमार, 17 मार्च को एचएसवीपी के एसडीई सुखविंद्र और 18 मार्च को फिर कुरुक्षेत्र क्षेत्र में सतीश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। 19 मार्च को लाडवा में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मनोज कुमार को जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा सात और आठ अप्रैल को कुरुक्षेत्र में, 16 अप्रैल को शाहबाद में, 21 अप्रैल को इस्माईलाबाद में, 22 अप्रैल को कुरुक्षेत्र में , 23 अप्रैल को पिहोवा में अवैध निर्माण गिराने के दौरान संबंधित अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।