लाडवा। पूरी तरह जली खड़ी ब्रेजा कार। संवाद
लाडवा। तहसील कार्यालय परिसर में खड़ी ब्रेजा कार में शनिवार की शाम अचानक आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि जब तक आसपास खड़े लोग कुछ समझ पाते कार को आग की लपटों ने चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया व कार मलिक को घटना की सूचना दी।
ब्रेजा कार के आसपास 10 से 12 गाड़ियां भी खड़ी हुई थी। गनीमत रहा की आग दूसरी गाड़ियों तक पहुंचती तब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। कार मलिक मास्टर जितेंद्र शर्मा ने बताया कि वह अपने निजी काम से कुरुक्षेत्र गया हुआ था। लगभग शाम 5:00 बजे उसके पड़ोसी बॉबी चोपड़ा ने फोन कर उसे बताया कि उसकी ब्रेजा गाड़ी में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसकी गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। कार मलिक ने बताया कि उसकी कार तहसील कार्यालय में कई दिन से शेड के नीचे खड़ी हुई थी। उसके आसपास दूसरी गाड़ियां भी खड़ी हुई थी। उसने बताया कि उसे शक है कि किसी शरारती तत्व ने आग लगाने की घटना को अंजाम दिया है। समाचार लिखे जाने तक कार मालिक द्वारा थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।