शाहाबाद। जीटी रोड पर रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में स्वतंत्रता सेनानी रणबीर सिंह हुड्डा की प्रतिमा के चारों ओर लगे शीशों को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। इससे लोगों में रोष पनप रहा है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। गांव खेड़ा के पूर्व सरपंच कर्मा जोगी, महेंद्र सेठी, हरीश, राजीव गर्ग, सौरभ, सुनील कुकरेजा ने बताया कि शरारती लोगों ने मूर्ति के चारों ओर लगे शीशों को उखाड़ दिया। उसमें लगी एल्युमीनियम को चोरी करके ले गए तथा शीशों को चूर चूर कर दिया। शाम के समय पार्क के बाहर अंडे व मांस की रेहड़िया लगती हैं तथा नशेड़ी पार्क में बैठकर नशा करते हैं। इससे पार्क में सैर करने आने वाले लोग बेहद परेशान हैं। मांग है कि प्रशासन जल्द प्रतिमा के चारों शीशे लगाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।