कुरुक्षेत्र। लोकतंत्र के महापर्व में सभी लोग आगे आकर अपने मत का प्रयोग करें, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू से ही आमजन को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करने का काम किया जा रहा है। आगामी 25 मई को जिले में अधिक से अधिक मतदाता अपने वोट का प्रयोग करते हुए मतदान प्रतिशत को बढ़ाने का काम करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा मतदाताओं के लिए एक अनूठी पहल की गई है। बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर जहां उन्हें वोटर स्लिप उपलब्ध करवा रहे है, वहीं निमंत्रण पत्र भी सौंप रहे हैं। इस पत्र में यह संदेश अंकित किया गया है कि 25 मई भूल ना जाना, वोट डालने जरूर आना।
जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली सभी विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित बीएलओ द्वारा मतदताओं के घर जाकर निमंत्रण पत्र दिए जा रहे हैं। मतदाताओं के लिए निमंत्रण पत्र को बेहद ही सुंदर ढंग से तैयार किया गया है और सभी औपचारिकताएं किसी सामान्य उत्सव के निमंत्रण की तरह ही लिखी गई है। यह चुनाव आयोग की एक अनोखी पहल, जिसके तहत मतदाताओं को इस बार मतदान करने के लिए बुलाने हेतु, विवाह-शादी के कार्ड की तरह निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे है। यह निमंत्रण पत्र मतदाताओं का ध्यान आकर्षित कर रहा है। कार्ड पर लिखा गया है कि लोकसभा चुनावों में मतदान करने के लिए जरूर-जरूर आना है। निमंत्रण पत्र में अंकित किया गया है कि स्वागतकर्ता बूथ लेवल अधिकारी होंगे, निवेदक जिला निर्वाचक अधिकारी तथा दर्शनाभिलाषी पीठासीन अधिकारी एवं समस्त मतदान दल सदस्य होंगे। वोटर स्लिप भी मतदाताओं को उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि मतदाता को अपने मतदान केंद्र से संबंधित जानकारी मिलें और वह मतदान वाले दिन सुगमता से आकर अपने मत का प्रयोग कर सके।