शिविर में रक्तदान करते रक्तदाता
- फोटो : amar ujala
शहीद मंदीप सिंह की याद में दीया संस्था एवं प्रेरणा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बाबैन के देवगन अस्पताल में 107वां रक्तदान शिविर लगाया गया। इस दौरान खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कंवरभान नरवाल बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे, जबकि बाबैन के युवा सरपंच विश्वजीत बिंदल विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर और उन्हें प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान करना जीवन दान करने के समान है। इससे दूसरी जिंदगी बचाने में मदद मिलती है। समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए। प्रेरणा समिति के संयोजक एवं सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञ अशोक वर्मा इंसां ने बताया कि दीया संस्था और उनके द्वारा 107वें रक्तदान शिविर के साथ-साथ उन्होंने अब तक लगभग 6200 रक्त यूनिट सरकारी रक्तकोष को उपलब्ध कराया है। दीया संस्था के अध्यक्ष डॉ. दीपक देवगन ने रक्तदाताओं की पावन कार्य में भाग लेने पर प्रशंसा की। शिविर में 101 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर राजकुमार, प्रधान सिंह कंग, गुरमेल सिंह, जीवन सैनी तथा जसबीर मलिक आदि मौजूद रहे।