कुरुक्षेत्र। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव सूढ़पुर के बीएलओ राकेश कुमार ने जिले में सबसे पहले अपने बूथ का शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर मिसाल पेश की है। निर्धारित समय से 14 दिन पहले ही उन्होंने अपने बूथ के सभी पात्र मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाकर उनका डिजिटाइजेशन भी पूरा कर लिया। उनकी इस उपलब्धि की चुनाव विभाग में चर्चा है और दूसरे बीएलओ भी उनसे संपर्क कर कार्य को तेजी से पूरा करने का तरीका जान रहे हैं।
बीएलओ राकेश कुमार ने बताया कि उनके बूथ पर कुल 1,140 मतदाता हैं, जिनमें 608 पुरुष और 532 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने 15 जून से घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करने शुरू किए और 19 जून तक सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचा दिए। इसके बाद फॉर्म भरवाने और डिजिटाइजेशन का कार्य शुरू किया गया। कुल 1,117 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए, जबकि शेष 23 मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन किया गया। जांच में सात मतदाता पहले से पंजीकृत मिले, तीन की मृत्यु हो चुकी थी, चार अन्य स्थान पर मत स्थानांतरित कर चुके थे, आठ अनुपस्थित मिले और एक मतदाता ने दूसरे देश की नागरिकता ले ली थी। राकेश कुमार ने बताया कि कार्य के दौरान मास्टर ट्रेनर सुनील मराठा ने तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। वहीं ग्रामीणों और पंचायत के सहयोग से सभी मतदाताओं ने समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराई, जिससे अभियान तेजी से पूरा हो सका।
अच्छा काम करने वाले बीएलओ होंगे सम्मानित : उपायुक्त
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिले में एसआईआर अभियान तेजी से चल रहा है। सूढ़पुर के बीएलओ राकेश कुमार ने समय से पहले शत-प्रतिशत कार्य पूरा कर सराहनीय उदाहरण पेश किया है, ऐसे कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अन्य बीएलओ से भी अभियान में तेजी लाने की अपील की, ताकि निर्धारित समय में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा हो सके।