पिहोवा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के रामलीला भवन में संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं संगठन से जुड़े समर्पित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा जनसेवा के कार्यों को नई गति प्रदान करना रहा।
बैठक में विधानसभा प्रभारी एवं हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्डा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनता के प्रति सेवा का भाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का हिस्सा नहीं, बल्कि समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और जनहित के कार्यों का एक मजबूत प्रहरी है।
कृष्ण मिड्डा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की असली ताकत है और प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनानी चाहिए।
प्रिंस मंगला ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
पिहोवा मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाएगी।
बाखली मंडल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बाखली ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।