पत्रकारों से बात करते पूर्व विधायक।
- फोटो : Amar Ujala
भाजपा ने लगभग दो वर्ष के शासनकाल में ही हरियाणा की जनता का विश्वास खो दिया है। लाडवा में मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन तरसेम बकाली के कार्यालय में पूर्व विधायक एवं कांग्रेसी नेता रमेश गुप्ता ने पत्रकारों से ये बात कही। कहा कि हरियाणा में सत्ता संभाले भाजपा को अभी पूरे दो वर्ष भी नहीं हुए हैं, कि यहां की जनता सरकार बदलने का विचार बनाने लगी है।
भाजपा जनता से किया अपना कोई वादा पूरा नहीं कर सकी है, जिससे लोगों में सरकार के प्रति भारी रोष है। प्रदेश की जनता कांग्रेस के शासनकाल को याद करने लगी है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने जहां अनाज मंडियों के आढ़तियों की वार्षिक लाइसेंस नवीनीकरण फीस में 10 गुना की वृद्धि की है, वहीं नए आढ़ती के लाइसेंस की सिक्योरिटी राशि भी दस गुना बढ़ा दी है।
पहले आढ़तियों को 300 रुपये वार्षिक शुल्क देना पड़ता था, अब वह तीन हजार रुपये हो गया है। इसी प्रकार राइस-सेलर की भी वार्षिक लाइसेंस नवीनीकरण फीस 500 रुपये से बढ़ाकर पांच हजार रुपये कर दी है, जबकि सेलरों के नवीनीकरण की फीस 1500 रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये सालाना कर दी है।