कुरुक्षेत्र। बिरला मंदिर जमीन का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जमीन के कथित सौदे के विरोध में बिरला मंदिर बचाओ संघर्ष समिति का धरना मंगलवार को भी जारी रहा, जहां समिति व विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया। समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी अशोक शर्मा पहलवान की अध्यक्षता में जारी धरने पर बजरंग दल की ओर से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया तो वहीं पूर्व विधायक रमेश गुप्ता भी पहुंचे।
मामले को लेकर संबंधित ट्रस्ट के महंत के हवाले से व्हाटसएप पर मैसेज जारी किया गया, जिसमें महंत द्वारा संबंधित जमीन पर व्यावसायिक प्रयोग व दुकानों के प्लाॅट काटे जाने से स्पष्ट इनकार करने का दावा किया गया। यही नहीं इसमें यह भी कहा गया कि जिस महिला के नाम का जिक्र 1019 गज में से 66 गज जमीन लिए जाने को लेकर किया जा रहा है, उनसे यह जमीन वापस ली जा रही है। किन्हीं कारणों के चलते ही यह जमीन उन्हें दी गई थी। उधर अशोक शर्मा पहलवान ने कहा कि इस सौदेबाजी के रद्द होने तक विरोध जारी रहेगा और बुधवार से डोर-टू-डोर अभियान भी शुरू किया जाएगा। यही नहीं अनेक संस्थाएं व राजनीति से जुड़े लोग भी उन्हें समर्थन दे चुके हैं। वहीं शिवरात्रि व कांवड़ यात्राओं के चलते अब दो अगस्त के बाद महापंचायत की जाएगी, जिसमें इस मामले को लेकर बड़ा फैसला लिया जाएगा।