कुरुक्षेत्र। शहर के कृष्णा नगर गामड़ी एरिया में बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी सवार कारोबारी से एक लाख रुपये की नकदी छीन ली और भाग निकले। वारदात गत देर शाम की है लेकिन पुलिस समाचार लिखे जाने तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई।
इंद्रजीत धवन निवासी कृष्णा नगर गामड़ी 7 बी ने बताया कि उन्होंने पालिका बाजार में कपड़ों की दुकान की हुई है। वे गत देर शाम को स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहे थे। जैसे ही गामड़ी मोड़ पर पहुंचे तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उसे आवाज दी तो वह रुक गया। युवकों ने उसे धक्का दे दिया और उससे गिरने पर बैग छीनकर भाग गए। बैग में एक लाख की नकदी के अलावा कुछ दस्तावेज भी थे। वह गिरने पर घायल भी हो गया। बाद में सूचना पुलिस को दी तो आरोपियों की तलाश शुरू की गई। संवाद
ऑटो के इंतजार में खड़े युवक को कार ने मारी टक्कर
कुरुक्षेत्र। पुराने बस अड्डे के समीप ऑटो के इंतजार में खड़े एक युवक को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। पट्टी कौथ गांव, कैथल निवासी मंजीत सिंह ने बताया कि वह किसी काम के चलते कुरुक्षेत्र पहुंचा था। बस से उतरकर पुराने बस अड्डे के बाहर वह ऑटो का इंतजार करने लगा तभी झांसा रोड की ओर से तेज गति से आई कार ने उसे टक्कर मार दी। वह गिर गया और कार उसकी एक टांग के ऊपर से गुजर गई। आरोपी कार चालक ने कुछ दूरी पर जाकर पहले कार रोकी और फिर निकल गया। राहगीरों न उसे नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संवाद
नियमों की अवहलेना पड़ी भारी, दो वाहन चालकों पर केस
पिपली। नेशनल हाईवे 44 पर यातायात नियमों की अवहेलना दो वाहन चालकों को भारी पड़ गई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया है। पहला मामला खान खानपुर जाटान के पास का है, जहां पुलिस टीम यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए खड़ी थी। एसआई रामभगत ने शिकायत में बताया कि उसी दौरान एक चालक नियमों की अवहेलना कर हाईवे पर प्रथम लाइन में अपने वाहन को चला रहा था तभी उसके वाहन को रुकवाया तो उसने अपना नाम रणधीर सिंह निवासी जंडमंगौली थाना कन्नौर जिला पटियाला (पंजाब) बताया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं दूसरे मामले में गांव उमरी के पास भी टीम वाहनों की जांच के लिए खड़ी थी तभी कालू राम निवासी सलौर थाना किठोड जिला मेरठ अपने वाहन को हाईवे की पहली लाइन में चलाते हुए आया तभी आरोपी के वाहन को रुकवाया तो नियमों की अवहेलना पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। टीम इंचार्ज ईएएसआई प्रभूदयाल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। संवाद
सड़क से गाड़ी हटाने के लिए विवाद, कार चालक पर हमला
कुरुक्षेत्र। लोटस ग्रीन सिटी में सड़क से गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया, जिसमें भारतीय खाद्य निगम के एक कर्मी पर हमला कर दिया गया, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। लोटस सिटी में ही रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि वह कार में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। कुछ दूरी पर सड़क पर एक मकान निर्माण के चलते रेत पड़ा हुआ था। जिसे हटवाने के लिए कार रोक दी और मालिक को कहा। अभी रेत हटाया ही जा रहा था कि तभी ई-रिक्शा में सवार होकर कई युवक आए और उन्होंने रेत हटे बिना ही कार को हटाने को कहा और विवाद करने लगे। आरोपियों ने इसी दौरान उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी आंख पर गहरी चोट आई। आसपास के लोग व डायल 112 की टीम को देख आरोपी भाग निकले जबकि उसे नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
दुकान का ताला तोड़ घुसा युवक, पकड़ा
कुरुक्षेत्र। साधु मंडी एरिया में दिन के समय एक युवक दुकान का ताला तोड़कर उसमें घुस गया। आसपास के लोगों ने देख लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले किया। संदीप गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी वीडियो व कन्फेक्शनरी की दुकान है, जहां से करीब 20 मिनट के लिए ही वह शीशा लॉक कर गया था। लौटने पर उसे दुकान के पास लोगों की भीड़ दिखी। देखा तो एक युवक शीशे का लॉक तोड़कर दुकान में घुसा हुआ था। पूछताछ पर उसने खुद को शोरगीर बस्ती निवासी सोमपाल बताया। तत्काल ही पुलिस को सूचना दी तो उसे टीम के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी केे खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद