शाहाबाद। मृतक परविंदर सिंह। फाइल फोटो
शाहाबाद। गांव रावा के पास बराड़ा रोड पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने अंबाला के जलूबी गांव के बाइक सवार परविंद्र सिंह उर्फ विक्की (42) को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि परविंद्र की मौके पर मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंसी और ट्रक परविंद्र को घसीटता हुआ ले गया। ट्रक के पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। परविंद्र तेल टैंकर चालक थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनके चचेरे भाई सुखबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लिया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। शाहाबाद थाना प्रभारी जगदीश ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश जारी है।
पिहोवा नहर में मिला 70 वर्षीय बुजुर्ग का अर्धनग्न शव
पिहोवा। गांव अरनैचा के पास नहर से शनिवार सुबह करीब 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। शव चार से पांच दिन पुराना था और पानी में रहने से गली-सड़ी हालात में मिला। ग्रामीण युवकों ने नहर किनारे फंसे शव को देखकर सरपंच और गोताखोर प्रगट सिंह को सूचना दी। प्रगट सिंह ने शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले किया। मृतक के सिर और दाढ़ी के बाल लंबे थे, उसने आसमानी कमीज पहनी थी। उसका बायां हाथ कलाई के पास से कटा हुआ था, जिस पर कोई ताजा चोट नहीं थी। कटे हुए हाथ पर मंगल दास भगत नाम का टैटू गुदा हुआ था। दूसरे हाथ पर बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला और ओम का निशान था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।