कुरुक्षेत्र। ट्रक चालक की लापरवाही से बाइक सवार दो दोस्तों की जान चली गई और दो जख्मी हो गए। पिपली-थर्ड गेट मार्ग पर पुलिस लाइन के सामने एक ट्रक चालक ने बाइक को ओवरटेक कर अचानक ट्रक के ब्रेक लगा दिए। जिससे ब्रह्मसरोवर घूमने आए चार दोस्तों की बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। इस हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चारों दोस्त ब्रह्मसरोवर पर घूमने के बाद बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। मृतक की शिनाख्त रोहित (18) और दिव्यांक (18) निवासी बीटा जिला अंबाला के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में मुकेश ने बताया कि वह अपने दोस्त रोहित, दिव्यांक और साहिल के साथ रविवार रात को बाइक पर सवार होकर कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर घूमने के लिए आए थे। घूमने के बाद वह चारों वापस गांव जा रहे थे। करीब साढ़े 11 बजे वह लोग पुलिस लाइन के पास पहुंचे तो उनकी बाइक को एक ट्रक चालक ने ओवरटेक किया। इस ट्रक चालक ने बाइक के आगे अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उनकी बाइक ट्रक के नीचे घुस गई। इस हादसे में उसके दोस्त रोहित और दिव्यांक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की मदद से उसे और साहिल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद साहिल को पीजीआई चंडीगढ़ और उसे अंबाला रेफर कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
विदेश जाने की तैयारी में था रोहित : सुरेंद्र
तरसेम ने बताया कि उसका बेटा रोहित कुरुक्षेत्र आया था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे पुलिस से उनको हादसे की सूचना मिली थी। वहीं जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया चारों युवक 12वीं के बाद काम की तलाश में थे। रोहित विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने मुकेश के बयान पर ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र को लेकर उलझी पुलिस
पुलिस लाइन के समीप हुए हादसे के बाद पुलिस क्षेत्र को लेकर उलझी रही। पहले इस क्षेत्र को सदर थाना के अंतर्गत सेक्टर-4 पुलिस चौकी के अधीन बताया गया। बाद में यह क्षेत्र थाना शहर थाने के अंतर्गत सेक्टर-7 पुलिस चौकी का निकला। इसके बाद सेक्टर-7 पुलिस चौकी ने कार्रवाई को अंजाम दिया।