शाहाबाद। एंटी नारकोटिक्स सेल ने एक बाइक चालक युवक को 650 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी बाइक पर अफीम बेचने की फिराक में बाजार में घूम रहा था। आरोपी की पहचान राजबीर सिंह उर्फ राजा निवासी गुरदेव कॉलोनी शाहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की बाइक को भी कब्जे में लिया है।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम शाहाबाद में बराड़ा पुल के नीचे गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि राजबीर सिंह अफीम बेचता है। आज वह अपनी बाइक पर अफीम की सप्लाई के लिए शाहाबाद के मुख्य बाजार में घूम रहा है। सूचना पर टीम ने शाहाबाद-बराडा रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद मुख्य बाजार वाली गली की तरफ से बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया, जो सामने पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा। टीम ने उसे काबू करके पूछताछ शुरू कर दी। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 650 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना शाहाबाद में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद कर ली। अदालत के आदेश से आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।