कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी के चलते एचएसजीएमसी कार्यकारिणी समिति सदस्य बीबी रविंदर कौर अजराना ने देर सायं अपना चुनावी बिगुल फूंक दिया।
बीबी रविंदर कौर अजराना ने बताया कि हरियाणा कमेटी के लिए उन्होंने शुरू से ही लड़ाई लड़ी है। लंबे अर्से तक किए गए इस संघर्ष के परिणामस्वरूप ही साल 2014 में हरियाणा विधानसभा में तत्कालीन हुड्डा सरकार द्वारा हरियाणा कमेटी का विधेयक पास किया गया था मगर प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई हरियाणा कमेटी के खिलाफ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर के सदस्य ने सर्वोच्च अदालत में याचिका दायर कर दी गई। सुप्रीम कोर्ट में यह केस काफी समय तक चला और सितंबर 2022 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी को मान्यता दे दी गई। मान्यता मिलने के उपरांत हरियाणा सरकार द्वारा कमेटी के सदस्य मनोनीत किए गए और अब एचएसजीएमसी के चुनाव की तैयारियां चल रही है। प्रवक्ता कंवलजीत सिंह अजराना ने समर्थन में जत्थेबंदियों और संगत का आभार जताया है।