पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों के खिलाफ लाए गए अध्यादेश के मुद्दों पर विधानसभा के मानसून सत्र में सरकार को घेरा जाएगा। कांग्रेस की ओर से हर मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा, चाहे वह धान घोटाला हो या फिर लॉकडाउन के दौरान शराब घोटाला। मानसून सत्र में कोरोना काल के दौरान बढ़ी बेरोजगारी दर से लेकर प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बुधवार को सेक्टर-2 स्थित कांग्रेस नेता जगदीश राठी संधौला के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि जो हरियाणा वर्ष 2014 में प्रति व्यक्ति आए और निवेश में प्रथम स्थान पर था, भाजपा शासन में वह हरियाणा आए दिन हत्या, डकैती, लूट, गैंगरेप और नशे में अव्वल नंबर पर हो गया है। भाजपा के शासन काल में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अध्यादेश पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है। भाजपा 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का दावा कर रही है, लेकिन जिस तरह भाजपा किसान विरोधी अध्यादेश ला रही है, उसे किसानों की आय दोगुनी नहीं बल्कि खेती खत्म होने के कगार पर पहुंच रही है। कांट्रेक्ट फार्मिंग पर हुड्डा ने कहा कि इससे पूरी तरह कंपनी का बंधुआ हो जाएगा, वह अपनी फसल को बाहर नहीं बेच पाएगा। सरकार को इस अध्यादेश में संशोधन करना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि किसान की आय डबल करने के दो तरीके हैं एक तो पैदावार बढ़ाई जाए, दूसरा स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कर लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा दिया जाए।
1983 पीटीआई को हटाने के मद्दे पर हुड्डा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने अमानवीयता का परिचय दिया है। सरकार को संवैधानिक शक्ति का इस्तेमाल करते हुए पीटीआई की सेवाएं नियमित करने का संशोधन लाना चाहिए। हालांकि जींद में पीटीआई सम्मेलन में उमड़ी भीड़ पर हुड्डा ने कहा कि सोशल डिस्टेसिंग की पालना करना सबका कर्तव्य है। इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश, लाडवा विधायक मेवा सिंह, पूर्व मंत्री सुल्तान जडोला सहित कांग्रेसी नेता भी मौजूद रहे।
30 तक विधायक करेंगे बरौदा का दौरा
बरौदा उपचुनाव पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरौदा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। विधायक दल की बैठक में फैसला लिया गया है कि आगामी 30 जुलाई तक कांग्रेस विधायक गांवों-गांवों का दौरा करेंगे। इसके बाद विधायक दल की बैठक होगी और चुनावी रणनीति तैयार की जाएगी। उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि इसका फैसला बरौदा की जनता करेगी। इस अवसर पर नसीब सिंह राठी, महंत बाबा रामदास, जलेश शर्मा, राजकुमार पिंडारसी, रामकुमार मैहला, महावीर चहल, जगबीर सिंह रिटायर्ड एसडीओ, पवन चौधरी, रवि मैहला, बलवान सिंह, सुरेश कुमार, शमशेर सिंह, नैब सिंह, राजेंद्र सिंह घणघस, कृपाल सिंह नैन, गुरिंदर सिंह और जीएस विर्क मौजूद रहे।