लाडवा। भारतीय किसान यूनियन की बैठक वीरवार को विश्राम गृह में हुई। जिलाध्यक्ष रामधारी उर्फ भूरा डूडा के नेतृत्व में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद यूनियन उपमंडल अधिकारी राजेश सोनी के कार्यालय पहुंची और धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। डूडा ने कहा कि अनाज मंडियों में परमल धान की आवक बढ़ने लगी है। सरकार को किसानों के हित में 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कर देनी चाहिए।
सरकार की ओर से 15 सितंबर खरीद बारे स्पष्ट अधिसूचना जारी नहीं की गई। इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। धान की फसल मंडियों में पहुंचने लगी है और आने वाले दिनों में आवक और बढ़ेगी। रामधारी भूरा ने गन्ने का भाव 750 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने की मांग भी उठाई। उन्होंने पिछले वर्ष आलू की फसल के भाव अंतर की बकाया राशि का भुगतान भी जल्द करवाने की मांग की। इस अवसर पर रामकुमार खैरा, जसबीर जैनपुर, लवली बपदी, राजबीर भूतमाजरा और राजेश सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।