शाहाबाद। भारतीय किसान यूनियन ने मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों के फसल कोटे में कटौती को दुरुस्त करने को लेकर प्रदेश सरकार व प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया हुआ है जिसे अब एक दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। यह अल्टीमेटम बुधवार को खत्म होना था जो अब वीरवार को खत्म होगा।
भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने चेताया है कि पोर्टल में की त्रुटियों को दूर करके किसानों की परेशानी को दूर किया जाए। वीरवार तक इन कमियों को दूर न किया गया तो शुक्रवार को किसान कार्यालयों में घुसकर अगला कदम उठाएंगे। अधिकारी इस अल्टीमेटम को हल्के में न लें। पत्रकारों से बातचीत में चढूनी ने कहा कि वह उपायुक्त शांतनु शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव से बात करेंगे और अगर पोर्टल में कोई सुधार होता न दिखाई दिया तो किसान अपनी चेतावनी को पूरा करके दिखाएंगे।
कानून को न लें अपने हाथ में : डीएसपी
डीएसपी रणधीर सिंह ने कहा कि किसान संयम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जो भी कानून को अपने हाथ में लेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अवश्य की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून का पालन कराना पुलिस की ड्यूटी है।
अपने स्तर का कार्य पूरा कर चुके : तहसीलदार
तहसीलदार अशोक मदान का कहना है कि वेरिफिकेशन को लेकर जो उनके स्तर का कार्य था उसे वह पूरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि तीसरे महीने में जब पोर्टल खुला तो उस दौरान जिन किसानों ने पोर्टल पर अपना ब्योरा पंजीकृत करवाया था सरकार ने उसे ज्यों का त्यों रख लिया था। लेकिन चौथे व पांचवें महीने में पंजीकृत हुए किसानों के डेटा वेरिफिकेशन होकर साथ-साथ अपडेट हो रहा है।
सरकार का कोई नोटिफिकशन नहीं : चढूनी
किसानों के आंदोलन को खत्म हुए आठ दिन हो चुके हैं, लेकिन सरकार के दावे के अनुसार अभी तक पांच हजार में फसल खरीद का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। बुधवार को अनाज मंडी सूरजमुखी 4950 रुपये के भाव में बिकी है। इंस्पेक्टर सुभाष चंद ने बताया कि शाहाबाद में ज्यादा से ज्यादा रेट देने का प्रयास हैफेड कर रही है। वहीं बुधवार को 370 गेटपास पास गये और करीब 9465 क्विंटल फसल की आवक हुई है। अब तक कुल 3640 गेटपास काटे गये हैं और कुल एक लाख 11 हजार 417 क्विंटल सूरजमुखी की आवक हुई है।