कुरुक्षेत्र। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को सतर्क करते हुए जंप डिपॉजिट स्कैम से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में टेक्नालॉजी ने जीवन को सुगम बनाया है, लेकिन साइबर अपराधी इसका दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर ठगों का नया तरीका सामने आया है, जिसमें ठग अनजान नंबर से पीड़ित के खाते में छोटी राशि भेजते हैं। पैसे आने का मैसेज देखकर व्यक्ति यूपीआई अकाउंट खोलकर बैलेंस जांचता है। ठग उसी समय पैसे ट्रांसफर की फर्जी रिक्वेस्ट भेजते हैं। जैसे ही व्यक्ति पिन डालता है, रिक्वेस्ट अपने आप स्वीकृत हो जाती है और खाते से बड़ी राशि निकल जाती है।
इस स्कैम से बचने के लिए पुलिस अधीक्षक ने सुझाव दिया कि अनजान नंबर से पैसे आने पर कम से कम आधे घंटे तक बैलेंस न जांचें। यदि जांचना आवश्यक हो, तो पहली बार गलत पिन डालें, इससे फर्जी रिक्वेस्ट रद्द हो जाएगी।
उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी। किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क या साइबर क्राइम थाने में संपर्क करें। संवाद