कुरुक्षेत्र। पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों के महत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रीमद्भगवद्गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आरोग्य वाटिका का शुभारंभ किया गया। विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं गुणकारी पौधे रोपे। तेजपत्ता, अश्वगंधा, लेमन ग्रास, इलायची, अजवाइन, पिपरमिंट सहित अन्य औषधीय पौधे शामिल हैं। विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री विजय नड्डा तथा विद्यालय समिति के प्रबंधक वीरेंद्र वालिया सहित कई प्रबुद्धजन पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वाटिका का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय आयुर्वेद और औषधीय पौधों के गुणों से परिचित कराना है। विद्या भारती उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री विजय नड्डा ने कहा कि आरोग्य वाटिका केवल पौधों का समूह नहीं है, यह प्राचीन वैदिक ज्ञान-परंपरा और स्वास्थ्य रक्षा का माध्यम है। परिसर में ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करेंगे। प्रधानाचार्य अनिल मदान ने अतिथियों का आभार जताया और वाटिका की निरंतर देखभाल का संकल्प लिया।