पिहोवा। बंधन बैंक की पिहोवा शाखा में लोन ऑफिसर संदीप कुमार (34) की अचानक मौत हो गई। संदीप पिछले सात माह से पिहोवा शाखा में तैनात थे और बैंक परिसर के ऊपरी हिस्से में बने कमरे में रहते थे। रात को काम निपटाने के बाद वह सामान्य रूप से सोने चले गए थे लेकिन सुबह कमरे से बाहर नहीं आए।
साथी कर्मचारी अतुल ने दरवाजा खोलकर देखा तो संदीप चारपाई पर मृत अवस्था में पड़े थे। तुरंत पुलिस और परिवार को सूचना दी गई। मृतक संदीप उत्तर प्रदेश के शामली जिले के खेड़की गांव के रहने वाले थे। वह चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे। परिवार में उनकी शादी की बातें चल रही थीं। इससे पहले वह करनाल ब्रांच में कार्यरत थे।
संदीप के भाई विकास कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब आठ बजे अतुल से भाई की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो संदीप का शव कमरे में पड़ा था। विकास ने कहा कि संदीप को हृदय संबंधी समस्या थी और उसका उपचार चल रहा था। उन्हें मौत में किसी की संलिप्तता पर कोई शक नहीं है। थाना सिटी पिहोवा के एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत होता है। मृतक के भाई के बयान पर इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई।
पिहोवा। मृतक संदीप।