संवाद न्यूज़ एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अकाली दल आजाद पार्टी के प्रधान बने बलजीत सिंह दादूवाल का स्वागत किया गया। सिख समस्याओं के समाधान और गुरुद्वारा चुनाव लड़ने के लिए बीते 28 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ दादू साहिब सिरसा में सिख संगत प्रमुख सिख शख्सियतों, संत महापुरुषों चिंतकों, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के वर्तमान पदाधिकारी एवं पूर्व मेंबर साहिबान द्वारा एक निरोल पंथक पार्टी शिरोमणि अकाली दल (आजाद) का एलान किया गया था।
पार्टी प्रधान के चयन हेतु सिख संगत, संत-महापुरुषों, शख्सियतों से सुझाव लेकर एलान करने के लिए पंज प्यारों के रूप में पांच सिंघों, जत्थेदार सुखविंदर सिंह मंडेबर यमुनानगर, जत्थेदार स्वर्ण सिंह रतिया फतेहाबाद, जत्थेदार मलकीत सिंह पन्नीवाला सिरसा, जत्थेदार उमराऊ सिंह छीना कैथल, जत्थेदार स्वर्ण सिंह बुंगा टिबी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जिन्होंने कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी के दीवान हॉल में श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की पावन हजूरी में जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल को प्रधान घोषित किया था। जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल का नाम बतौर पार्टी प्रधान घोषित किया गया तो दीवान हाॅल बोले सो निहाल सत श्री अकाल के उद्घोष से गूंज उठा। उसके बाद पंज प्यारों द्वारा जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल को सिरोपा व श्री साहिब भेंट की गई। इसके बाद सिख शख्सियतों, संत महापुरुषों, सिख संगत एवं हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध व समूह वर्तमान पदाधिकारी द्वारा सिरोपा भेंट किए।
पंज प्यारों ने शिरोमणि अकाली दल (आजाद) को एक-एक लाख रुपये पार्टी फंड देने का भी एलान किया। जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने सुखविंदर सिंह मंडेबर को पार्टी का महासचिव, उमराऊ सिंह छीना कैथल को खजानची, पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल छिंदरपाल सिंह बराड़ को अपना सलाहकार, एडवोकेट मनिंदर सिंह कैथल व एडवोकेट अंग्रेज सिंह पन्नू को कानूनी सलाहकार बनाने की घोषणा की।
इससे पहले समागम के शुभारंभ पर भाई सूबा सिंह के हजूरी रागी जत्थे ने कीर्तन किया। कमेटी के ढाडी जत्थों ज्ञानी सुखचैन सिंह शीतल एवं ज्ञानी सुखविंदर सिंह स्वतंत्र के जत्थे ने गुरु इतिहास संगत को श्रवण करवाया। पंथक प्रतिनिधियों में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध, वरिष्ठ उपप्रधान जत्थेदार सुदर्शन सिंह अंबाला, जत्थेदार सुखविंदर सिंह मंडेबर महासचिव, पंथक प्रतिनिधि मोहकम सिंह दमदमी टकसाल आदि मौजूद रहे।