कुरुक्षेत्र। विक्ट्री फील्ड कुरुक्षेत्र की मैदान पर खेले गए एकल मैच में बड़सालू क्रिकेट क्लब ने मार्कंडा क्लब के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में तीन विकेट खोकर 202 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। मार्कंडा क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 201 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारसालू की टीम ने चार ओवर शेष रहते ही जीत हासिल कर ली। अंकुर चौधरी ने 46 गेंदों पर नाबाद 117 रन की पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
अंकुर चौधरी ने अपनी पारी में 12 चौके और आठ छक्के लगाए। उनके अलावा रमन ने 20 गेंदों पर 40 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। भारत मेहला ने 10 गेंदों पर 12 रन बनाए, जबकि किशन कुमार ने पांच गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए। बड़सालू ने 16 ओवर में 202 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले मार्कंडा क्लब ने 20 ओवर में छह विकेट पर 201 रन बनाए। तरनजीत सिंह ने 30 गेंदों पर 40, हेमंत कुमार ने 20 गेंदों पर 30, संदीप जाट ने 20 गेंदों पर 37 और संदीप ने 12 गेंदों पर 23 रन बनाए। प्रवीण कानिपला 12 गेंदों पर 14 और विजय काजल छह गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्कंडा की पारी में अतिरिक्त के 21 रन भी शामिल रहे।
बड़सालू की ओर से अंकुर चौधरी ने गेंदबाजी में भी तीन विकेट लिए। भारत मेहला ने दो और संदीप सैनी ने एक विकेट हासिल किया। मार्कंडा की ओर से प्रवीण कानिपला ने एक, भारत मेहला ने दो और अंकुर चौधरी ने तीन विकेट लिए। संवाद