पिहोवा। भव्य निशान यात्रा के दौरान जिप चेयरपर्सन कंवलजीत कौर को स्मृति-चिन्ह भेंट करते आयोजक। स
पिहोवा। गांव गुमथला गढू में श्री श्याम परिवार की ओर से फाल्गुन महोत्सव मेले के उपलक्ष्य में भव्य निशान यात्रा और बाबा श्याम का कीर्तन आयोजित किया गया। संपूर्ण गांव में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारों के साथ शोभायात्रा निकाली जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर विशेष रूप से पहुंची। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम जी आस्था, विश्वास और समर्पण के प्रतीक हैं। बाबा श्याम अपने भक्तों के दुख हरने वाले और सच्चे मन से की गई प्रार्थना को स्वीकार करने वाले देवता हैं। फाल्गुन माह में बाबा श्याम की भक्ति विशेष फलदायी मानी जाती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से ही जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मबल प्राप्त होता है। ऐसे आयोजनों से अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाना चाहिए। कीर्तन में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए जिस पर श्रद्धालु झूम उठे। धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।