संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नौवें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयुष विभाग द्वारा गुर्जर धर्मशाला में निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। वैश्विक स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद नवाचार थीम पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें आयुर्वेद व होम्योपैथिक चिकित्सा के सभी अधिकारी हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में आयोजित आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जिसका सीधा प्रसारण बजे साढ़े नौ बजे किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुदेश जाटियान ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। डाॅ. कुलवंत सिंह को कार्यक्रम कोआर्डिनेटर तथा डॉ. संदीप गुप्ता को सह-कोर्डिनेटर बनाया गया है। शिविर में जोड़ों के दर्द, बवासीर, मधुमेह, रक्तचाप, एनीमिया व अन्य रोगों का इलाज अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से निशुल्क किया जाएगा तथा औषधियों का निशुल्क वितरण किया जाएगा। कलाल माजरा गांव में भी आयुष विभाग के सहयोग में शिविर लगाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा प्रति वर्ष धनतेरस के दिन को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।