कुरुक्षेत्र। 12वीं के छात्र पर युवकों ने चाकुओं से हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। आरोपी छात्र के गले से तीन तोले की चांदी की चेन भी छीन ले गए। जख्मी छात्र का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में होमगार्ड विभाग में कार्यरत नीरज मंचल निवासी पिपली ने बताया कि उसका भतीजा स्माइल 12वीं कक्षा का छात्र है। उसे सूचना मिली थी कि उसके भतीजे स्माइल को ताऊ देवीलाल पार्क में अमित निवासी रायसन जिला करनाल व अन्य युवकों ने चाकुओं से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया। आरोपी अमित के साथ रहने वाले एक अन्य युवक ने स्माइल को फोन करके पार्क में बुलाया था। आरोपी उसके भतीजे से इंस्टाग्राम के जरिए जुड़े हैं। जाते-जाते आरोपी उसके गले से करीब तीन तोले चांदी की चेन भी छीनकर ले गए हैं। अभी उसका भतीजा कुछ भी बताने की हालत में नहीं है। वहीं पुलिस ने अमित को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ 307, 323, 324, 34 और 379 बी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद