कुरुक्षेत्र। झांसा रोड पर सुबह मंडी में सब्जी बेचने जा रहे किसान पर हमला कर युवक उससे नकदी और माेबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित को उसके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। घटना सुबह सवा चार बजे की है। अनिल कुमार निवासी बहादुरपुरा ने शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। सुबह वह खेत से सब्जी लेकर मंडी में बेचने के लिए जा रहा था। करीब सवा चार बजे वह झांसा रोड पर रविदास चौक के पास पहुंचा तो अचानक छह-सात लोगों ने उसका रास्ता रोककर उस पर डंडों से हमला कर दिया। आरोपी मारपीट करके उससे मोबाइल और करीब आठ हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। किसी तरह वह घर पहुंचा और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।