गांधी नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात को जन्म दिवस समारोह में तेज आवाज में चलाए जा रहे डेक को बंद करवाने पहुंचे एक एएसआई पर हमला कर दिया गया। एएसआई संभल पाता तब तक हमलावर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार कृष्णा गेट पुलिस चौकी में किसी ने करीब एक बजे फोन कर शिकायत की कि एक बच्चे के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में अत्यधिक तेज आवाज में डेक चलाया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेेेशानी झेलनी पड़ रही है। यह सूचना पाकर एएसआई सुभाष चंद व एक होमगार्ड जवान बाइक पर सवार होकर समारोह स्थल पर पहुंचे।
अभी वे बाइक से उतर भी नहीं पाए थे कि एक युवक ने एएसआई की बाजू पर डंडे से वार कर दिया। आरोपी एक डंडा मारकर ही मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस कर्मी और होमगार्ड जवान ने उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी का सुराग नहीं लगा। घटना की सूचना पाकर जन्म दिवस मना रहे परिवार के लोग भी वहां आ गए और उन्होंने बताया कि ऐसा कोई भी युवक उन्होंने अपने समारोह में नहीं बुुलाया था। इसके बाद समारोह में बजाया जा रहा डेक बंद करवाया गया।
चौकी इंचार्ज रणबीर सिंह का कहना है कि एएसआई पर हमला करने वाले युवक का सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे युवक को समारोह के आयोजनकर्ता सुुरेश ने भी बुलाने से इंकार कर दिया है, लेकिन अभी मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को काबू भी कर लिया जाएगा। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।