फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम में डाले डेढ करोड़, कुछ ही घंटों में हुए खाली

Sat, 12 Nov 2016 12:29 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो/कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
एटीएम पर लगी भीड़ - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
500 और 1000 के पुराने नोट बंद कर देने व नए नोटों के साथ एक दिन छुट्टी के बाद खुले बैंकों के सामने कैश का संकट खड़ा हो गया है। बैकों के पास न तो पुराने नोटों के बदलने के लिए पर्याप्त मात्रा में नए नोट हैं और न ही एटीएम में डालने के लिए कैश बैंकों के पास पहुंच पाया है। इस संकट से निपटने के लिए बैंक जहां पूरजोर प्रयास कर रहे हैं वहीं, उपभोक्तों की मिन्नतें भी करनी पड़ रही है। बैंक आधे उपभोक्ताओं को भी संतुष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
विज्ञापन


 वहीं आधे एटीएम शुक्रवार को पहले दिन ही कैश की बाट जोहते रहे। जिले की विभिन्न बैंकों की अनेकों ब्रांचों का ही कैश पूरा दिन नहीं पकड़ पाया तो वहीं एटीएम में डाला गया कैश कुछ घंटों में ही खत्म हो गया। नोट बदलवाने व एटीएम से कैश लेने के चलते बैंकों के साथ-साथ एटीएम बूथों पर भी सुबह सात बजे से लेकर देर रात तक भारी भीड़ जमा रही। कई जगहों पर उपभोक्ताओं में आपाधापी भी मची रही तो कई ब्रांचों पर बैंक अधिकारी उपभोक्ताओं को संयम बनाए रखने की सलाह देते रहे। 
पीएनबी सहित कई बैंकों ने उपभोक्ताओं की बढ़ती तादाद को देख नोट बदलवाने के लिए भरने वाले फार्म को लेकर काउंटर बैंक के बाहर भी लगाने पड़े। शहर में स्थित विभिन्न बैंक शाखाओं के साथ-साथ केयू में स्थित बैंक में भी दोपहर एक बजे कैश खत्म हो गया तो वहीं ज्योतिसर में भी दोपहर को ही लोगों को बैंक शाखा में कैश न होने के चलते खाली हाथ लौटना पड़ा। शाहबाद व लाडवा में भी कई ब्रांचों का कैश दोपहर बाद खत्म हो गया तो वहीं बैंकों की उच्चाधिकारियों को कैश की मांग को लेकर दिनभर घंटी भी बजती रही।
विज्ञापन


सभी बैंकों ने बदले 170 करोड़ रुपये
बैकों में लोगों किस कदर पुराने नोट नए नोट में बदलवाने में जुटे हैं, इसका अंदाजा इसी से ही लगाया जा सकता है कि जिले के सभी बैंकों ने अब तक 170 करोड़ रुपये के नोट बदले हैं। अकेले पीएनबी ने ही 15 करोड़ रुपये बदले हैं। यहीं नहीं लोग नोट बदलवाने के साथ-साथ अपने खातों में पुराने नोट भी जमा करवा रहे हैं। उधर एचडीएफसी की अधिकतर शाखाएं रात आठ बजे तक भी खुली रही तो वहीं पीएनबी व एसबीआई भी लगभग सात बजे तक खुले रहे।

डेढ़ करोड़ डाले, कुछ ही घंटों में खाली हो गए एटीएम
दो दिन बंद रहने के बाद शुक्रवार को खुले जिलेभर के एटीएम में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये डाले गए, लेकिन यह राशि कुछ घंटे भी नहीं चल पाई और एटीएम खाली हो गए। जिले में स्थापित लगभग 225 एटीएम बूथों में से आधे से अधिक एटीएम में बैंक कैश भी नहीं डाल पाए जहां उपभोक्ता निराश होकर लौटे। ये एटीएम आउट ऑफ सर्विस भी रहे तो कई जगहों पर सर्वर की समस्या की सूचनाएं आती रही। जिला सचिवालय के समीप ही एसबीआई के एटीएम में लगभग डेढ़ घंटा तक तकनीकी परेशानी रही। शहर में रेलवे रोड पर भी एक-दो एटीएम को छोड़ बाकी से उपभोक्ता मायूस होकर ही लौटे। सलारपुर रोड पर अधिकतर एटीएम आउट ऑफ सर्विस रहे।

आज भी अधिकतर एटीएम में नहीं होगा कैश
जिले के विभिन्न बैंकों के एटीएम उपभोक्ताओं को एटीएम से कैश लेने को लेकर शानिवार को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। बैंकों के पास कैश की कमी के चलते शनिवार को भी सभी एटीएम में कैश न डाले जाने की उम्मीद देर रात तक बनी रही।

तैनात रहा पुलिस बल
बैंकों के साथ-साथ एटीएम बूथों पर भी पुलिस बल देर रात तक तैनात रहा। हालांकि जिलेभर में कहीं पर भी किसी मारपीट जैसी घटना की सूचना नहीं मिली, लेकिन लोगों में आपाधापी मची रही। पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रण में किए रखा तो वहीं बैंक अधिकारी भी शाखा से बाहर निकल शांति बनाए रखने के लिए अपील करते रहे।

व्यवस्था सुचारू होने में लगेंगे कई दिन : चौहान
पंजाब नेशनल बैंक के डीजीएम पीएस चौहान का कहना है कि आरबीआई के पास करंसी की कमी नहीं है। लेकिन व्यवस्था सुचारू होने में अभी कई दिन लगेंगे। आरबीआई के पास डिमांड लगातार बढ़ रही है लेकिन पैसे शाखाओं तक पहुंचाने में प्रयास के बावजूद समय लग रहा है। इसके चलते ही कई शाखाओं में शुक्रवार को कैश भी खत्म हुआ, लेकिन शनिवार को बेहतर स्थिति होगी। उन्होंने माना कि सभी एटीएम को सुचारू चलाने में अभी कई दिन लग सकते हैं। कुरुक्षेत्र जिला को शुक्रवार को 6 करोड़ रुपये की नई करंसी मिली, लेकिन यह भी कम पड़ गई, जिसके चलते अनेकों एटीएम में भी कैश नहीं डाला जा सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें