संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिले भर की आशा वर्कर ने आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के आह्वान पर मंगलवार को लघु सचिवालय के बाहर धरना देकर रोष जताया। साथ ही मानदेय में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों के समर्थन में तीन दिन हड़ताल पर रहने का एलान किया।
यूनियन की राज्य उप प्रधान रानी देवी ने बताया कि साल 2018 के बाद से आशा वर्कर्स के काम में कई गुना बढ़ोतरी हो चुकी हैं, लेकिन पिछले पांच साल से मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई हैं। आशा वर्करों की मुख्य मांग में 26 हजार न्यूनतम वेतन दिया जाए, आशा वर्कर को पक्का कर्मचारी घोषित किया जाए और मानदेय में प्रोत्साहन राशियों को महंगाई भत्ते के साथ जोड़ा जाए।
मांगों के समर्थन में फिलहाल तीन दिन की हड़ताल का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से मांगें नहीं मानी जाती तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर सीटू जिला सचिव अनिल कुमार, रोशन लाल, भीम सिंह सैनी, महावीर दहिया, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।