संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मांगों के समर्थन को लेकर जिले की आशा कर्मचारी ताज पार्क में इकट्ठा हुईं और मांगों जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। इसके पश्चात आशा वर्करों ने मांगों को लेकर विधायक आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम विधायक को ज्ञापन सौंपा।
जिला प्रधान पिंकी ने बताया कि लंबे समय से जिले भर की आशा वर्कर मांगों के लिए आंदोलन कर रही हैं। हालांकि सरकार की ओर से कुछ मांगों का समाधान किया जा चुका है, लेकिन अभी भी कुछ मांगों का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार को ज्ञापन के माध्यम से समझौते के अनुसार हर आशा वर्कर के लिए चार हजार रुपये निर्धारित की जाए, योग्यता के आधार पर पदोन्नति दी जाए।
सरकारी नौकरी में पांच अंक की छूट, आशा पे ऐप में सुधार, और दूसरे जिलों में डिलीवरी का नियमानुसार फायदा दिया जाए। इसके अलावा आशा वर्कर के डेथ क्लेम को बढ़ाना, वर्दी के पैसों को बढ़ाने के साथ-साथ धुलाई भत्ता दिया जाना भी शामिल है। साथ ही रिटायरमेंट की उम्र 65 की जानी चाहिए। सीटू सचिव अनिल कुमार ने कहा कि सरकार जनतांत्रिक अधिकारों पर हमला करना बंद करें और लोगों की समस्याओं का समाधान करें। इस मौके पर सीटू राज्य प्रधान सुरेखा, महासचिव जयभगवान, राज्य उप प्रधान रानी देवी, कोषाध्यक्ष उषा सहित अन्य मौजूद रही।