लाडवा। युवा एवं सांस्कृतिक विभाग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज की ओर से चार दिवसीय रत्नावली युवा सांग महोत्सव का समापन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ।
समारोह में मुख्यमंत्री कार्यालय प्रतिनिधि कैलाश सैनी मुख्यातिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त नेहा सिंह ने की।
मुख्यातिथि ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति को जीवंत रखने में विद्यार्थी पूरा प्रयास कर रहे हैं।
कलाकारों और खिलाड़ियों ने हरियाणा प्रदेश का नाम पूरे विश्व में रोशन कर रखा है। कार्यक्रम की अध्यक्षा नेहा सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने से विद्यार्थी का सर्वांगीण विकास होता है।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और ईमानदारी से पढ़ने के लिए जागरूक किया। कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान पवन ने कहा कि सांग हमारी संस्कृति की धरोहर है। उन्होंने कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए ग्रामवासियों का आभार प्रकट किया।
तत्पश्चात आर्य पीजी कॉलेज पानीपत की टीम ने गांव बुढा में अपनी प्रतिभा के रंग बिखेरे। पानीपत से आई टीम ने प. मांगे राम द्वारा रचित नौ रत्न के उपर सांग प्रस्तुत किया।