कुरुक्षेत्र । जीटी रोड पर हरियाणा से यूपी ले जायी जा रही 885 पेटियों में 42480 क्वार्टर शराब पुलिस ने एक कैंटर से बरामद की। इस संबंध में पुलिस ने अंबाला के गांव खन्ना माजरा निवासी अमरीक सिंह को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में शराब तस्कर ने यूपी, राजस्थान व दिल्ली में इस शराब की डिलवरी देने की बात कबूली।
एसपी आस्था मोदी ने शनिवार को बताया कि अपराध शाखा-2 के उप निरीक्षक गुलाब सिंह, हवलदार सतनाम सिंह, लखन सिंह, जयपाल, दिलबाग और कृपाल सिंह ने गश्त के दौरान जीटी रोड पर उमरी पुलिस नाके पर शुक्रवार रात एक बजे एक कैंटर को रोका। इस कैंटर को अंबाला निवासी अमरीक सिंह चला रहा था। कैंटर की तलाशी के दौरान 885 पेटी शराब बरामद हुई। इन पेटियों से 42480 पव्वे देसी शराब पाये गये। इस शराब के परमिट व लाइसेंस के संबंध में पूछताछ में अमरीक सिंह ने बताया कि वह साथियों के साथ मिलकर हरियाणा से शराब तस्करी का काम करता है। हरियाणा की शराब वो उतर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली में महंगे दामों में जाकर बेचता है। पुलिस ने आरोपी को काबू करके उसके विरुद्घ थाना सदर थानेसर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।