लाडवा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से अंतर महाविद्यालय जूडो (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को किया गया। इसमें इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज के बीए तृतीय वर्ष के छात्र आरिफ खान छलोनंदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए- 90 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय, इसराना के खिलाड़ी अतीक को हराकर यह उपलब्धि प्राप्त की और महाविद्यालय ही नहीं बल्कि लाडवा निवासियों का नाम भी गौरवान्वित किया।
आरिफ खान ने पिछले वर्ष भी अंतर महाविद्यालय जूडो प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया था और लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार बनाए रखा है। महाविद्यालय में विजेता खिलाड़ी के लौटने पर प्राचार्य डॉ. कुशल पाल ने महाविद्यालय खेल समिति के सदस्यों और शिक्षक साथियों के साथ मिलकर स्वागत किया। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि आरिफ का लगातार दो वर्षों का सफल प्रदर्शन उसकी खेलों में निरंतरता और अथक परिश्रम का प्रमाण है।