कुरुक्षेत्र। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कान्फैड़ के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने धान खरीद में आढ़तियों के कमीशन में कटौती पर सरकार पर तीखा हमला बोला है।
आढ़तियों से बातचीत के बाद उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से धान खरीद पर 59.72 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय मात्र 45.88 रुपये कमीशन देना व्यापारियों के साथ अन्याय है। इससे पूरे प्रदेश में आढ़तियों में भारी रोष है। बजरंग गर्ग ने कहा कि पिछले वर्ष भी सरकार ने धान और गेहूं पर 55 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया था, जबकि इस बार और कटौती कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने धान खरीद का कमीशन लगभग चार महीने देरी से देना शुरू किया है। पहले सरकार ने यह घोषणा की थी कि यदि कमीशन में देरी होगी तो ब्याज सहित भुगतान किया जाएगा लेकिन अब कम राशि देना सरासर गलत है।
बजरंग गर्ग ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने धान खरीद के पूरे दाम और पल्लेदारों की मजदूरी नहीं दी, तो व्यापारी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।