बाबैन। एमएसएमई योजना के तहत में बनने वाले आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण कार्य का भूमि पूज
बाबैन। प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेश में औद्योगिक क्रांति लाने के लिए एमएसएमई योजना के तहत बाबैन में आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। 16 एकड़ में बनने वाले इस पार्क में छोटी बड़ी 60 औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी जिससे हजारों बेरोजगार लोगों को रोजगार मिलेगा।
बाबैन में बनने वाले आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण कार्य का सिया इन्फ्राहाईट प्रालि की ओर से सोमवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना से न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। पार्क में उद्योगों को स्थापित करने के लिए एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हरियाणा सरकार पार्क में स्थापित होने वाले उद्योगों का बिजली शुल्क पुरी तरह से माफ करेगी और बिजली यूनिट पर दो रुपये प्रति यूनिट छूट देगी।
पार्क में लगने वाले उद्योगों को 30 लाख तक की सब्सिडी के अलावा छह प्रतिशत की ब्याज दर पर ऋण मिलेगा। इस पार्क में लगने वाले उद्योगों के लिए जमीन खरीदने पर स्टांप ड्यूटी पूरी तरह से माफ की जाएगी। पार्क में जल आपूर्ति, सड़क नेटवर्क, इटीपी, एसटीपी व सीवरेज सिस्टम की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सिया इन्फ्राहाईट प्रा. लि. के डायरेक्टर अमन बंसल ने बताया कि इस पार्क के निर्माण के बाद बाबैन और आसपास के गांवों के हजारों युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि आधारित उद्योगों को भी प्राथमिकता दी जाएगी ताकि किसान अपनी उपज का मूल्यवर्धन कर अधिक लाभ कमा सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण होने से आने वाले समय में बाबैन को न केवल धार्मिक और शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में भी अपनी पहचान मिलेगी।
बाबैन। एमएसएमई योजना के तहत में बनने वाले आधुनिक इंडस्ट्रियल पार्क के निर्माण कार्य का भूमि पूज