कुरुक्षेत्र। नगर योजनाकार विभाग की तरफ से जिला में पनप रही अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ करने के उद्देश्य से ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही मार्च माह के लिए शेड्यूल भी तैयार किया गया है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने जारी आदेश में कहा कि राजस्व संपदा के गांव व शहरों में अवैध काॅलोनियों को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा तथा प्रशासन के सहयोग से तोड़फोड़ की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए डयूटी मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है, जिसमें पिहोवा अर्बन एरिया के लिए एसडीओ कृषि विभाग मनीष वत्स, शाहाबाद अर्बन एरिया के लिए कृषि विकास अधिकारी सुखबीर सिंह, कुरुक्षेत्र अर्बन एरिया के लिए डीटीपी विक्रम कुमार, लाडवा अर्बन एरिया के लिए एसडीओ विकास शर्मा एचडी विभाग लाडवा को डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह सभी आगामी आदेश तक डयूटी मजिस्ट्रेट रहेंगे तथा इन डयूटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ डीटीपी की टीम ने राजस्व संपदा कुरुक्षेत्र के गांवों, कस्बों व शहरों में पनप रही अवैध कॉलोनी में कच्ची सड़कों, डीपीसी व कंट्रोल एरिया में अवैध निर्माण को नष्ट करेंगे।