संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज (आईआईएचएस) में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के तहत विभिन्न प्रोग्रामों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया तीन अगस्त से शुरू की गई है। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है।
इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज के प्रिंसिपल डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि सत्र 2022-23 के लिए पंचवर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स के एमएससी इंजीनियरिंग फिजिक्स (20 सीट), एमएससी बायोटेक्नोलॉजी (20), एमएससी ऑनर्स अर्थशास्त्र कोर्स (20), बैचलर इन ह्यूमैनिटीज, बैचलर इन साइंस (480), बीकॉम जनरल (120), बीएससी होम साइंस (40), सेल्फ फाइनेंस कोर्सो में बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (60) तथा बैचलर ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (45) में दाखिले के लिए आवेदक 20 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
दाखिले से संबंधित पहली मेरिट लिस्ट 26 अगस्त को लगाई जाएगी, जिसकी फीस 29 अगस्त तक जमा करनी होगी। दूसरी मेरिट लिस्ट दो सितंबर को लगाई जाएगी व फीस पांच सितंबर तक जमा करनी होगी। तीसरी मेरिट लिस्ट नौ सितंबर को लगाई जाएगी और इसकी फीस 12 सितंबर तक भरनी होगी। फाइनल लिस्ट 16 सितंबर को लगाई जाएगी, जिसकी फीस 18 सितंबर तक जमा करनी होगी। विद्यार्थी दाखिले से संबंधित विस्तृत जानकारी आईआईएचएसकेयूके डाट इन वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।