कुरुक्षेत्र। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं फसल विविधीकरण योजना के तहत हरी खाद को बढ़ावा दिया जा रहा है और इसी कड़ी में सरकार द्वारा किसानों को ढैंचा बीज पर 80 प्रतिशत अनुदान पर देने का प्रावधान किया गया है। इसके लिए इच्छुक किसान 15 मई तक कृषि विभाग के पोर्टल एग्रीहरियाणा.जीओवी.आईएन/अप्लाईस्कीमस पर पंजीकरण करवा सकते हैं।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रदीप मिल ने कहा कि हरी खाद सबसे अच्छा, सरल व कम लागत वाला खाद है जिसके माध्यम से भूमि को उपजाऊ बनाया जा सकता है। ढैंचा इसका सबसे अच्छा विकल्प है। सरकार की योजना के अनुसार किसान ढैंचा बीज प्राप्त करने के लिए 15 मई तक पंजीकरण करवा सकते हैं। किसान को अनुदानित बीज खरीदते समय अपना आधार कार्ड, वोटर कार्ड, किसान कार्ड आदि दिखाना होगा। एक किसान कम से कम एक एकड़ व अधिकतम 10 एकड़ के लिए पंजीकरण करवा सकता है। इसको लेकर अन्य जानकारी के लिए किसान अपने नजदीकी कृषि विकास अधिकारी या नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।