संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मनोज कुमार बॉक्सिंग एकेडमी की उभरती मुक्केबाज अनुष्का शर्मा ने कोलंबो (श्रीलंका) में 10 से 24 मई तक आयोजित हुई एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 81 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है।
इससे पूर्व अनुष्का ने स्कूल नेशनल गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। निरंतर प्रगति करती हुई अनुष्का की यह उपलब्धि न केवल हरियाणा बल्कि संपूर्ण भारत के लिए गौरव का विषय है। अकादमी के संस्थापक व अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच डॉ. राजेश कुमार राजौंद ने अनुष्का की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि अनुष्का का यह पदक युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा उनकी सफलता यह दर्शाती है कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और मार्गदर्शन सही हो, तो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मुकाम तक पहुंच सकते हैं।
अर्जुन एवं भीम पुरस्कार विजेता, दो बार के ओलंपियन और अकादमी के संरक्षक मनोज कुमार ने भी अनुष्का को भविष्य में इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। एकेडमी की स्थापना वर्ष 2020 में ओलंपियन मनोज कुमार द्वारा की गई थी। यह अकादमी ओलंपियन मनोज कुमार फाउंडेशन के तहत संचालित होती है और प्रदेश के ग्रामीण खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं व प्रशिक्षण उपलब्ध करवा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के बॉक्सिंग रिंग, रेजिडेंशियल सुविधाएं तथा फिजियोथैरेपी और मेडिकल सपोर्ट जैसी सुविधाओं से सुसज्जित इस अकादमी ने अब तक कई राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मुक्केबाज तैयार किए हैं।