कुरुक्षेत्र। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाता अपना फार्म भरकर अवश्य जमा कराएं, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे। एसआईआर की प्रक्रिया सभी के सहयोग से पूरी की गई थी।
अब भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नए निर्देशों के तहत कार्य किया जा रहा है। इसमें एएसडीडी यानी अब्सेंट, शिफ्टिड, डेथ, डुप्लीकेट श्रेणी के करीब एक लाख 11 हजार मतदाताओं को क्लेम एंड ऑब्जेक्शन के चरण में दोबारा नोटिस/फॉर्म दिए जा रहे हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्राम मीणा ने दी। साथ ही कुरुक्षेत्र वासियों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील भी की है। उपायुक्त ने कहा कि कई ऐसे मतदाता थे, जिनको उस समय नोटिस मिला था लेकिन वे कार्य की वजह से बाहर थे या उन तक सूचना नहीं पहुंच पाई।
ऐसे मतदाताओं से अनुरोध है कि अपना फार्म भरकर बीएलओ को दें। यह प्रक्रिया 18 नवंबर से शुरू हुई और 15 दिसंबर तक चलेगी। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों (बीएलए-1) के साथ बैठक करके उन्हें पूरी सूचना दी गई है, साथ ही 1 लाख 11 हजार एएसडीडी मतदाताओं की सूची भी उनके साथ साझा की गई है, जिससे बूथ वाइज कोई भी मतदाता अपना नाम उसमें देख सके।