शाहाबाद। एसटीएफ की टीम ने शनिवार को जीटी रोड से लगे जंगल में पेड़ के नीचे आरडीएक्स आईईडी रखने के मामले में दूसरे आतंकी रोबिन प्रीत को शाहाबाद अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पहले धरे गए शमशेर सिंह उर्फ शेरा वासी चोला साहिब के साथी रोबिन प्रीत वासी ठढकड़ तरनतारन को एसटीएफ की टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया था, जिससे पूछताछ के बाद एक अन्य आरोपी बलजीत उर्फ मिक्का को डेढ़ किलो अफीम के साथ काबू किया गया था। इसके बाद आरोपी बलजीत को पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि रोबिन प्रीत को साथ लेकर पुलिस टीम कुरुक्षेत्र आई थी, जिस कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि रोबिन प्रीत और शमशेर सिंह ने ही जून के अंतिम सप्ताह में आरडीएक्स, आईईडी, टाइमर, बैटरी, डेटोनेटर शाहाबाद क्षेत्र के जंगल में रखा था। रोबिन की पेशी के समय शनिवार को अदालत परिसर में पुलिस का सख्त पहरा रहा। रिमांड के बाद एसटीएफ आतंकी को अपने साथ ले गई।